गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गंदेरबल में भूस्खलन से कई घर और गौशालाएं क्षतिग्रस्त

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर के गंदेरबल जिले में भारी भूस्खलन के कारण कई रिहायशी मकान और गौशालाएं क्षतिग्रस्त हो गयीं है।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेजिन गगनगीर इलाके में रविवार को यह भूस्खलन की घटना हुई जिससे श्रीनगर सोनमर्ग मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। भूस्खलन के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसके कारण दो गायें और दो घोड़े और 12 भेड़ों की मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग अवरुद्ध हो गया है और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारी मशीनों के जरिए सड़क से मलबा हटा कर यातायात सुचारू करने का प्रयास कर रहे है।
घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने यूनीवार्ता को फोन पर बताया, “सफाई अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है।”
गंदेरबल के उपायुक्त श्यामबीर ने बताया कि रविवार की मिट्टी धंसने से 4-5 परिवार प्रभावित हुए हैं।
श्री श्यामबीर ने गंदेरबल के पुलिस अधीक्षक निखिल बोरकर के साथ रेजिन गगनगीर का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है और भूस्खलन के कारण प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि रविवार को हुई इस घटना के तुरंत बाद पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और केन्द्रीय रिर्जव पुलिस बल (सीआरपीएफ) के बचाव दल मौके पर पहुंच गए और प्रभावित इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। किसी आपात स्थिति या इस संबंध में सूचना को लेकर मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *