गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उन्नतिकरण की दिशा में यूपी को सहयोग करेगी सैमसंग

लखनऊ : नोएडा में मोबाइल फोन की निर्माण इकाई के बाद सैमसंग इंडिया ने उत्तर प्रदेश को कौशल उन्नतिकरण की दिशा में सहयोग की पेशकश की है। सैमसंग इण्डिया एंड साउथ वेस्ट एशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेबी पार्क ने शनिवार को कहा कि पिछले पांच छह सालों के दौरान कंपनी को मौजूदा सरकार ने निवेश संबंधी पूर्ण सहयोग प्रदान किया है। सैमसंग कम्पनी उत्तर प्रदेश में मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में तो कार्य कर ही रही है, इसके अतिरिक्त कम्पनी अब स्किल अपग्रेडेशन के क्षेत्र में भी अपना योगदान देना चाहती है। कम्पनी इसके लिए लखनऊ विश्वविद्यालय से सहयोग के सम्बन्ध में कार्य कर रही है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
पार्क के नेतृत्व में कम्पनी के प्रतिनिधिमण्डल ने आज शाम यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट की। इस अवसर पर उन्होने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से विगत 05-06 वर्षां के दौरान सैमसंग को निवेश सम्बन्धी पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान जब पूरे विश्व में सैमसंग के सभी प्लाण्ट्स बन्द थे, तब प्रदेश के नोएडा में स्थापित सैमसंग का प्लाण्ट पूरी तरह से सक्रिय था।
राज्य सरकार द्वारा कोविड काल की कठिन परिस्थितियों में नोएडा प्लाण्ट की रनिंग के लिए पूरा सहयोग देने पर अपना आभार व्यक्त करते हुए पार्क ने कहा कि यह सरकार के सहयोग से ही सम्भव हो पाया था।
योगी ने सैमसंग प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त किया कि इस सम्बन्ध में उन्हें नीति के तहत मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। हाल ही में सम्पन्न यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सैमसंग द्वारा प्रतिभाग करने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश एक उत्कृष्ट निवेश गन्तव्य के रूप में उभरा है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में सैमसंग अन्य क्षेत्रों में भी निवेश करेगा।
सैमसंग के प्रतिनिधिमण्डल ने कॉर्पारेट वीपी ह्यून किम, वीपी राजीव अग्रवाल, डायरेक्टर नामसू पार्क, डायरेक्टर राज साहू तथा डीजीएम श्रवण शुक्ला शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *