गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चीन ने अमेरिका पर शक्ति का दुरुपयोग करने का लगाया आरोप

बीजिंग : चीन ने अमेरिका पर विदेशी कंपनियों को दबाने के लिए अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम उन गलत कार्यों का दृढ़ता से विरोध करते हैं।अमेरिकी सरकार को बाजार की अर्थव्यवस्था और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए। विदेशी कंपनियों का दमन करने की कार्रवाई को बंद कर उन्हें अमेरिका में एक खुला, निष्पक्ष और भेदभावपूर्ण रहित माहौल मुहैया कराना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे दुनिया की शीर्ष महाशक्ति को युवाओं के पसंदीदा ऐप से डरना हैरान कर देने वाली बात है। पश्चिमी देश के अधिकारी चीनी फर्म बाइटडांस की एक लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग ऐप टिकटॉक से घबरा गए हैं।
उल्लेखनीय है कि टिकटॉक पर उपभाेक्ताओं के डेटा चोरी करने और उसे चीन की सरकार को सौंपने का आरोप लगे हैं। कुछ खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि सरकारी उपकरणों पर इस ऐप डाउनलोड करने से संवेदनशील जानकारी उजागर हो सकती है।
अमेरिका के संघीय मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी क्रिस डेरूशा ने कहा,“राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन की ओर से इस दिशा में उठाए गए कदमों का उदेश्य हमारे डिजिटल बुनियादी ढांचे को सुरक्षित करने और अमेरिकी लोगों की सुरक्षा तथा गोपनीयता की रक्षा करना है।”
उधर, कनाडा ने भी मंगलवार से सरकारी उपकरणों पर इस ऐप को डाउनलोड करने पर प्रतिबंध लगा दिया। कनाडा के मुख्य सूचना अधिकारी ने इस ऐप द्वारा गोपनीयता भंग होने और सुरक्षा में सेंध लगने जैसे खतरों के प्रति आगाह किया।
प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि टिकटॉक ऐप को लेकर सुरक्षा के बारे में ज्यादा चिंता है, इसलिए इस पर प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पड़ गयी। पिछले हफ्ते, यूरोपीय आयोग और यूरोपीय परिषद ने कर्मचारियों को अपने फोन और कॉर्पोरेट उपकरणों से टिकटॉक ऐप को हटाने का आदेश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *