शिमला : हिमाचल के लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिले समेत नारकंडा, खडापत्थर सहित अन्य ऊंचाई वाले हिस्सों में ताजा हिमपात हुई है और लाहौल घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों ने फिर से बर्फ की चादर ओढ़ ली है। ताजा हिमपात होने के कारण राज्य की 117 सड़कें बंद हो गयी हैं।
राज्य में मंगलवार रात को शिमला समेत अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई। ताजा बर्फबारी से अटल टनल रोहतांग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई है। वहीं जलोड़ी दर्रा से भी आवाजाही ठप हो गई है। हिमपात वाले क्षेत्रों में 117 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं।
बर्फबारी से जिला कुल्लू में जनजीवन प्रभावित हुआ है। अटल टनल के दोनों छोर पर हुई ताजा हिमपात से टनल सभी तरह के वाहनों के लिए अवरूद्ध हो गई है।
इसके अलावा 139 बिजली ट्रांसफार्मर एवं 10 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। सबसे ज्यादा 106 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। चंबा में सात और कुल्लू जिले में दो सड़कें बाधित हैं। इसी तरह डलहौजी उपमंडल में बुधवार सुबह 10 बजे तक 40, कुल्लू 28 और पांवटा साहिब उपमंडल में 71 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े रहे। चंबा, भरमौर, लाहौल और उदयपुर उपमंडल में 10 पेयजल योजनाएं भी बाधित हुई हैं।
हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात से 117 सड़कें बंद
