गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिसंबर तक खत्म होगा ओखला से कूड़े का पहाड़

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी के तीनों कूड़े के पहाड़ों से लोगों को जल्द से जल्द निजात दिलाने के लिए युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है और ओखला लैंडफिल साइट के आसपास रहने वाले लाखों लोगों को दिसंबर तक कूड़े के पहाड़ से निजात मिल सकती है।
केजरीवाल ने आज ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया की समीक्षा की और दिसंबर तक साइट से कूड़े का पहाड़ खत्म करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि मई 2024 तक कूड़े को साफ करने का लक्ष्य है, लेकिन हम कोशिश करेंगे कि दिसंबर तक इसे साफ कर दें। इस साइट पर अभी 40 लाख टन कूड़ा बचा है।
उन्होंने कहा कि करीब 26 साल पहले ओखला लैंडफिल साइट पर कूडा आना शुरू हुआ था। वर्तमान में यहां पर करीब 40 लाख टन कूड़ा बचा हुआ है। वर्ष 2019 से ओखला लैंडफिल साइट से कूड़ा उठाने का काम धीरे-धीरे शुरू हुआ था। अभी तक यहां से करीब 25 लाख टन कूड़ा हटाया जा चुका है, लेकिन अभी भी 40 लाख टन कूड़ा बचा हुआ है। इस कूड़े के पहाड़ को मई 2024 तक साफ करने का लक्ष्य है। कूड़े के पहाड़ को साफ करने के लिए सभी अधिकारी और इंजीनियर लगे हुए हैं। उनका प्रयास है कि मई 2024 की बजाय दिसंबर 2023 तक ओखला लैंडफिल साइट से कूड़े के पहाड़ को साफ कर दिया जाए।
शहरी विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मेयर शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले इकबाल के साथ ओखला लैंडफिल साइट का दौरा किया। जल्द ही दिल्लीवासियों को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति मिलेगी। केजरीवाल के मार्गदर्शन में हम दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *