गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

होली रंगोत्सव पर चेतावनी के साथ दी शुभकामनाएंँ

रासायनिक रंगों से बचें, व्यर्थ जल नहीं बहाएं

होली में हुड़दंग, बिना अनुमति रंग से तंग करने वाले उपद्रवियों और शरारती तत्वों सेे सख्ती से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन की पैनी नज़र : डीसी

त्वचा विशेषज्ञ एवं चिकित्सकों ने की सुरक्षित होली रंगोत्सव मनाने की अपील, बताए एहतियात

कपिल शर्मा /गौरवशाली भारत

नाँगल चौधरी। सर्दी के समापन स्वरूप मनाए जाने का एक शानदार तरीका वह भी विभिन्न रंगों के साथ और सभी के साथ एक नए युग के आगाज के लिए भी मनाए जानेवाला यह विशेष पर्व हिन्दू सनातन धर्म और विभिन्न धर्मों में अलग- अलग परंपराओं के तहत मनाए जाने वाला यह खास त्योहार होली जो विविधता में एकता दर्शाता है और साथ ही एकता की भावना पैदा करते हुए समाज को जाग्रत करता है। समाज में फैला हिंसात्मक, नकारात्मक विचार को बदलकर एक नया सकारात्मक माहौल उत्पन्न करता है।

प्रकृति से मेल खाने वाले रंगों के साथ मनाए जाने वाले इस विशेष पावन पर्व होली रंगोत्सव को लेकर गौरवशाली भारत से मुखातिब होते हुए महेंद्रगढ़ जिला उपायुक्त डाॅ. जय कृष्ण आभीर ने महेंद्रगढ़ वासियों को होली रंगोत्सव की शुभकामनाएंँ देते हुए कहा होली रंगोत्सव सामुदायिक सद्भाव और मेल-मिलाप का जीवंत उदाहरण है। यह वसंत ऋतु के आगमन का शुभ समाचार लेकर आता है। उन्होंने उम्मीद के साथ कहा कि इस विशेष पर्व होली रंगोत्सव में रासायनिक रंगों का प्रयोग नहीं करें। ट्रेडिशनल रंगों की मदद से होली खेलें। जल संरक्षण का ध्यान रखते हुए पानी कम से कम खर्च करते हुए होली का आनंद लें। इस पावन पर्व पर किसी की अनुमति के बगैर रंग लगाकर नाराजगी उत्पन्न नहीं करें। यह त्यौंहार आपसी प्रेम, स्नेह, खुशी और भाईचारे का प्रतीक है।

जिला उपायुक्त डाॅ. जय कृष्ण आभीर ने अपने बधाई संदेश में होली में हुड़दंग मचाने वाले उपद्रवियों एवं शरारती तत्वों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि सामूहिक पर्व पर शरारती तत्व सतर्कता बरतते हुए ध्यान से होली खेलें किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने से बचें और किसी को रंगोत्सव में तंग या विवश नहीं करें अन्यथा पुलिस-प्रशासन के माध्यम से उनको सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस-प्रशासन की जिले में पूरी नज़र है।

चिकित्सकों की अपील प्राकृतिक रंगों से खेलें सुरक्षित होली

एसएस हाॅस्पिटल एवं ट्राॅमा सैन्टर के ऑनर डाॅ. मनीष शर्मा ने गौरवशाली भारत के माध्यम से अपने विचार साझा करते हुए सर्वप्रथम होली की शुभकामनाएं दी और कहा उत्सव रंग, उमंग व हर्षोल्लास के इस सामुदायिक महापर्व होली सभी के जीवन में आनंद, उमंग, सुख-शांति, सौभाग्य सहित नई ऊर्जा का संचार करता है। डाॅ. मनीष शर्मा ने होली के रंगोत्सव पर सभी को प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही शिवम् हॉस्पिटल में कॉस्मेटोलॉजिस्ट एवं ट्राइकोलॉजिस्ट डॉ. दीपक शर्मा ने होली की शुभकामनाओं के साथ रंगों पर ज़िक्र करते हुए त्वचा के रासायनिक रंगों को हानिकारक बताया और कहा – गुलाब की पंखुडिय़ों से होली खेल कर रासायनिक रंगों से बचा जा सकता है।

रासायनिक रंगों से बचने के लिए बताए एहतियात

त्वचा की सौन्दर्यता और सुरक्षा को लेकर डॉ. दीपक ने प्राकृतिक रंगों से होली खेलने के साथ ही रासायनिक रंगों से एहतियात बरतने का भी ज़िक्र किया। रंगोत्सव में शामिल होने से पूर्व उन्होंने अपनी चिकित्सकीय राय में चेहरे पर दही और मुल्तानी मिट्टी का लेप और सन स्क्रीन लगाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कुछ लोग होली खेल में मुठ्ठी भर रंग को हवा में उछालते हैं जिससे पूरा रंग फैल जाता है जिससे त्वचा और आँखों को नुकसान पहुंचा सकता है। कुछ शरारती तत्व बालों में भी रंग डालने का प्रयास करते हैं और गीले कैमिकल्स युक्त रंगों का प्रयोग करते हैं। जो त्वचा के लिए हानिकारक साबित होते हैं। उन्होंने सूखे गुलाल रंग को सिर्फ गालों पर लगाने की अपील की।

त्यौहारों में प्राकृतिक परंपराएं हो रही लुप्त

वार्षिक सामाजिक सामूहिक पर्व पर विविधता में एकता झलकनी चाहिए। आधुनिकीकरण में होली के त्यौहार की सादगी, आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना गायब सी हो गई है। त्यौहार व्यक्तिगत प्रदर्शन और केवल औपचारिकता का दिखावा बन कर रह गए हैं। त्यौहारों का मूल उद्देश्य लुप्त हो गया है। शांति के साथ त्यौहार मनाने की भावना बीते दिनों की बात हो गई है। चहुं ओर कोलाहल और कर्कश स्वरों के बीच त्यौहार अब केवल ध्वनि व जल प्रदूषण जैसी पर्यावरणीय समस्याओं को न्यौता देने लगे हैं। त्यौहार पर मेल-मिलाप, दुख-सुख बांटने की परंपराओं पर मोबाइल व इंटरनेट की चकाचौंध हावी होने लगी है। प्रेमानुभूति का पर्व होली भी अब अश्लीलता व अभद्रता की श्रेणी में आकर अपनी वास्तविकता खोने लगा है। इसलिए देश और समाज को पुरानी परंपराओं और संस्कृति को शामिल करते हुए वार्षिक त्योहारों को मनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *