गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महिलाओं की योग्यता पर पूरा विश्वास

भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिन पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि उन्हें महिलाओं की योग्यता पर पूरा विश्वास है और आज के दिन उनके निजी स्टाफ से लेकर वाहन चालन तक की जिम्मेदारी महिलाएं उठा रही हैं।
चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि उन्हें महिलाओं की योग्यता पर पूरा विश्वास है। वह सुरक्षा जैसे काम भी पूरी जिम्मेदारी एवं साहस के साथ कर सकती हैं, इसलिए आज वाहन चालक, निजी स्टाफ और सुरक्षा से लेकर फोटोग्राफर के रूप में महिलाएं दिन भर उनके साथ रहेंगी। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि कल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है, किंतु होली होने के कारण वे कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे आज ही सभी बहनों को महिला दिवस की शुभकामनाएँ दे रहे हैं। हर दिन, हर घण्टा और हर पल महिलाओं का है। सरकार ने उनके जीवन में गुणात्मक सुधार के लिए प्रयास किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें संतुष्टि है कि महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए जो कुछ किया जा सकता है, वह सरकार ने करने की कोशिश की। चाहे लाड़ली लक्ष्मी योजना हो, प्रसूति सहायता, कन्या विवाह योजना, बेटियों की पढ़ाई हो, नगरीय निकाय के चुनावों में 50 फीसदी का आरक्षण हो, इसी दिशा में लाड़ली बहना योजना बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *