गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में छह नक्सलियों के घायल होने की खबर है, वहीं दो जवान भी घायल हैं। पिछले दो दिनों में नक्सली एक सरपंच सहित दो लोगों की हत्या कर चुके हैं। सुकमा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि आज सबेरे डब्बामरका पुलिस कैम्प से पचास से अधिक जवानों का कोबरा बटालियन तथा स्पेशल टास्क फोर्स का संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान के तहत सतलेर ग्राम के लिए रवाना हुआ था। कुछ दूर जाने के बाद नक्सलियों और पुलिस के बीच लगभग आधे घंटे तक मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में 5-6 नक्सलियों के घायल होने की खबर है। वहीं कोबरा 202 बटालियन के निरीक्षक मुनेश कुमार मीणा तथा आरक्षक अमित मोडक घायल हो गये। दोनों का सुकमा जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्चिंग अभियान हेतु अतिरिक्त पुलिस बल रवाना किया गया है। घटना स्थल पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। जिले में गत मंगलवार को केरलापाल थाना क्षेत्र के हुंगाभेजी गांव के सरपंच पुनेम सन्नू की नक्सलियों ने हत्या कर दी। कांकेर जिले में कल बारूदी सुरंग विस्फोट से एक ग्रामीण की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *