गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सोशल मीडिया की राजनीति से बाज आयें अखिलेश

बलिया : उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को आरक्षण व पिछड़े वर्ग का विरोधी करार देते हुए सोशल मीडिया की राजनीति बंद करने की नसीहत दी है । जिले के बेल्थरा रोड में शनिवार की शाम एक सरकारी कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में राजभर ने अखिलेश यादव के भाजपा पर पिछड़े वर्ग की अवमानना करने के आरोप वाले बयान‌ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश खुद आरक्षण व पिछड़े वर्ग के विरोधी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को केवल उनका परिवार दिखाई देता है। जनता जब उन्हें सरकार के बाहर कर देती है तो उन्हें आरक्षण याद आने लगता है । राजभर ने दावा किया कि हम (भाजपा) विकास की बात करते हैं, तो यह (सपा) जाति की बात करते हैं । हम मुद्दे की बात करेंगे तो वह परिवार की बात करेंगे ।
उन्होंने कहा कि अखिलेश नकारात्मक सोच के लोग हैं। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि अगर उन्हें अपना बचा – खुचा राजनैतिक अस्तित्व बचाना हो तो जन भावनाओं का आदर करना सीखें । झूठ फरेब की राजनीति को बंद कर दें । ट्विटर ट्विटर खेलना बंद कर दें । सोशल मीडिया की राजनीति बंद कर दें। धरती पर उतरे तब उन्हे पता चलेगा कि गरीब , नौजवान मोदी जी से किस तरह से प्यार करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *