औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया शहर में शनिवार को दबंगों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग में खुले बाजार में एक युवती समेत, दुकानदार व एक राहगीर घायल हो गये जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।
आ धिकारिक सूत्रों ने बताया कि शहर के व्यस्ततम भीड़भाड़ वाले गुमटी मुहाल में आर्टिफिशियल ज्वैलरी वापस करने को लेकर एक युवक की दुकानदार से बहस और विवाद हुआ। बहस के दौरान युवक ने दुकानदार के साथ मारपीट कर दी जिसके करीब दो घंटे बाद देर शाम को युवक ने अपने साथियों के साथ बाजार में आकर आतंक फैलाने के उद्देश्य से संकट मोचन मंदिर के पास कई राउंड जमकर फायरिंग की जिसमें दुकानदार आलोक कुमार एवं राहगीर युवती सलोनी व कृष्ण गोपाल को गोली लगने से वह गंभीर घायल हो गये।
तीनों घायलों को उपचार के लिए 50 शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों घायलों को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। गोली चलने की आवाज सुन बाजार में भगदड़ मच गयी और दुकानदार दुकानें बंद कर अपने घरों के लिए भाग खड़े हुए। इसी बीच गोली कांड में शामिल अमन चौहान व ब्रजेन्द्र सिंह को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
गोलीबारीकी जानकारी होते ही पुलिस सक्रिय हो गयी। पुलिस अधीक्षक चारु निगम, अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा, सीओ आदि तत्काल घटना स्थल व अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने घटना की जानकारी व घायलों का हालचाल लिया।लोगों ने दो दबंगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। जिनके पास अवैध तमंचा व कारतूस भी मिला है।
दबंगों ने गोली चला फैलाई दहशत, तीन घायल
