चेन्नई : श्रीलंकाई नौसेना ने दो अलग-अलग घटनाओं में तमिलनाडु के 16 मछुआरों को रविवार को कथित रूप से उनकी जल सीमा में प्रवेश करने और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस और मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इनमें से चार मछुआरे पुडुकोट्टई जिले के हैं जबकि 12 मछुआरे नागपट्टिनम जिले के हैं।
पुडुकोट्टई के मछुआरों की पहचान एल. अरोकियाराज (54), ए. अशोक (28), ए. करुप्पु (22) और एस. शक्ति (20) के रूप में की गई है, जो शनिवार सुबह मछली पकड़ने के मछली पकड़ने वाली एक मशीनीकृत नौका पर सवार हुए थे। वे रविवार सुबह लगभग 4.30 बजे अलाई थीवु के समीप लगभग 30 समुद्री मील की दूरी पर मछली पकड़ रहे थे, जब उन्हें श्रीलंकाई नौसेना ने रोका और अनधिकार प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें बाद में पूछताछ के लिए श्रीलंका के परुथिथुरई में नौसैनिक अड्डे पर लेकर जाया गया। एक अन्य घटना में, श्रीलंकाई नौसेना ने नागपट्टिनम जिले के अक्करईपेट्टई और कीचनकुप्पम गांवों के 12 मछुआरों को रविवार तड़के मछली पकड़ने के दौरान अनधिकार प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया।
उनकी पहचान टी. आनंद मणि (44), एस. राजा (32), वी. रवि (48), बी. मधिबलन (36), टी. वेलमायिल (48), जे. राममूर्ति (38), एम. अंबू (32), एस, रवि (30), अक्कराईपेट्टई के सभी मूल निवासी और के. कथालिंगम (50), के, रागु (32), पी. दिनेश (26) और एस. चित्रवेल (42) के रूप में हुई है।
आठ मार्च की सुबह ये सभी मछुआरे अक्करईपेट्टई से एक मशीनीकृत नौका में सवार होकर समुद्र में गए थे। जब वे नेदुनथीवु में मछली पकड़ रहे थे, तब श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें अनधिकार प्रवेश के आरोप गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, सभी को पूछताछ के लिए श्रीलंका के कांकेसनथुरई नौसैनिक अड्डे ले जाया गया।
तमिलनाडु के 16 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने किया गिरफ्तार
