गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पांच माह के निचले स्तर तक लुढ़का शेयर बाजार

मुंबई : अमेरिका के सिलिकन वैली बैंक (एसवीबी) संकट से वैश्विक बाजार में जारी गिरावट के दबाव में स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली से आज शेयर बाजार पांच माह के निचले स्तर तक लुढ़क गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 337.66 अंक अर्थात 0.58 प्रतिशत की गिरावट लेकर पांच माह के निचले स्तर और 58 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 57900.19 अंक पर आ गया। इससे पहले यह पिछले वर्ष 13 अक्टूबर को 57235.33 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 111 अंक यानी 0.65 प्रतिशत उतरकर 17043.30 अंक पर आ गया।
बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी जमकर बिकवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.46 प्रतिशत की गिरावट लेकर 24,058.55 अंक और स्मॉलकैप 0.84 प्रतिशत टूटकर 27,142.63 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई की कुल 3630 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2349 में गिरावट जबकि 1179 में तेजी रही वहीं 102 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 38 कंपनियां लाल जबकि शेष 12 हरे निशान पर रहीं।
बीएसई में कैपिटल गुड्स समूह की 0.12 प्रतिशत की तेजी को छाेड़कर शेष सभी में बिकवाली हुई। इससे कमोडिटीज 0.83, सीडी 0.70, ऊर्जा 0.59, एफएमसीजी 0.62, वित्तीय सेवाएं 0.54, हेल्थकेयर 0.11, इंडस्ट्रियल्स 0.36, आईटी 1.46, दूरसंचार 0.21, यूटिलिटीज 1.26, ऑटो 0.99, बैंकिंग 0.42, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.56, धातु 0.15, तेल एवं गैस 0.69, पावर 1.06, रियल्टी 1.00, टेक 1.08 और सर्विसेज समूह के शेयर 1.32 प्रतिशत गिर गए।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.32, जापान का निक्केई 2.19, हांगकांग का हैंगसेंग 2.27 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.72 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.46 प्रतिशत तेजी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *