जयपुर : राजस्थान के बूंदी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तालेड़ा तहसील के गोपालपुरा पटवार हल्के के पटवारी रामकुमार गुर्जर एवं ग्राम प्रतिहारी गोबरी लाल ढोली को एक मामले में गुरुवार को बीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की बूंदी इकाई को शिकायत की कि भूमि को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने की एवज में पटवारी एवं ग्राम प्रतिहारी 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
प्रियदर्शी ने बताया कि सत्यापन के बाद ब्यूरो टीम ने पटवारी एवं ग्राम प्रतिहारी को परिवाद से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पटवारी ने सत्यापन के दौरान परिवादी से दस हजार रुपए रिश्वत के रुप में वसूल कर लिए थे। एसीबी के महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
पटवारी एवं ग्राम प्रतिहारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
