चतरा : झारखंड के चतरा जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इटखोरी बाल विकास परियोजना कार्यालय की पर्यवेक्षिका उर्मिला कुमारी को 7500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत कुब्बा आंगनबाड़ी सेविका मीना बाला और मरंगा आंगनबाड़ी सेविका बबीता देवी की संयुक्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की ट्रैप टीम ने उसे पकड़ा है। टीम का नेतृत्व कर रहे एसीबी पुलिस उपाधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पोषाहार राशि का भाउचर जमा करने के नाम पर आंगनबाड़ी सेविकाओं से पर्यवेक्षिका ने पैसे की मांग की थी। जिसकी शिकायत सेविकाओं ने संयुक्त रूप से एसीबी में लिखित तौर पर किया था।
सूत्रों ने बताया क शिकायत की जांच के बाद गठित स्पेशल टीम ने जाल बिछाकर पर्यवेक्षिका को घूस की राशि के साथ रंगे हाथ दबोचा है। उसकी गिरफ्तारी इटखोरी स्थित कार्यालय कक्ष से हुई है। गिरफ्तारी के बाद पर्यवेक्षिका को एसीबी की टीम अपने साथ हजारीबाग ले गई। भ्रष्टाचार निरोधक दस्ते की इस कार्रवाई से जिले के भ्रष्टाचारियों में हड़कंप मच गया है।
एसीबी ने पर्यवेक्षिका रिश्वत लेते गिरफ्तार
