गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ेगी कांग्रेस

हैदराबाद : तेलंगाना कांग्रेस विधायक दल के नेता भट्टी विक्रमार्क ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर आदिवासियों को उनके वन अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए लड़ेगी।
भट्टी ने यह बात ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ पदयात्रा के हिस्से के रूप में खानापुर निर्वाचन क्षेत्र के पुलिमाडुगु और अन्य क्षेत्रों में स्थानीय ग्रामीणों के साथ बातचीत के बाद आज यहां कही। यात्रा रविवार को अपने चौथे दिन में प्रवेश कर गयी।
उन्होंने सुबह इंद्रवेली से अपनी पदयात्रा शुरू की और पुलिमादुगु गांव में उनका गर्मजोशी से पारंपरिक स्वागत किया गया। गांव की महिलाओं ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि उन्हें घर, पेंशन, नौकरी या किसी भी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिला। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारियों द्वारा घूस मांगने के कारण उन्हें जंगल से मिट्टी लाने और लकड़ी लाने में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
भट्टी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही सत्ता में आएगी और वह आदिवासियों की सभी समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के अधिकारी ग्रामीणों की मदद नहीं कर रहे हैं और उनकी रुचि केवल रिश्वत लेने में हैं।
उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए लड़ेगी तथा एक बार कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनकी सभी समस्याएं हल हो जाएंगी और उन्हें आवास और सभी कल्याणकारी योजनाओं में लाभ मिलेगा। भट्टी ने बाद में कुमारी थांडा में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पदयात्रा के दौरान लोगों ने कई समस्याओं के बारे में उन्हें बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *