महोबा : उत्तर प्रदेश के महोबा में बिजली कर्मचारियों के आंदोलन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़ताली 13 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर उनके विरुद्ध आवश्यक सेवा अनुरक्षण कानून (एस्मा) के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने आज बताया कि बिजली कर्मचारियों द्वारा हठधर्मी दिखाते हुए की जा रही काम बंद हड़ताल को आवश्यक सेवाएं प्रभावित करने की कार्रवाई मानकर महोबा कोतवाली में 13 संविदा कर्मियों अथर्व, दिलशाद, काली चरण, राजबहादुर, सलीम, इमामी, फरीद, हमीद, सुमित, आसिफ, कमरुद्दीन एवम राजू के विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। पुलिस ने इनमे एक कर्मचारी को गिरफ्तार भी कर लिया है जबकि नामजद अन्य बाकी के कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय की गई है। यह कर्मचारी भूमिगत हो गए बताए जा रहे है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का कोई असर नही है और जिले में विद्युत आपूर्ति निर्बाध तरीके से जारी है। महोबा के फतेहपुर बजरिया स्थित 132 केवीए पावर हाउस समेत सभी बिजली सब स्टेशनों को प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की निगरानी में विभिन्न विभागों के टेक्निकल अधिकारियों और रिटायर्ड कर्मचारियों द्वारा सुचारू पूर्ण तरीके से संचालित किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से इनमें पुलिस बल की तैनाती की गई है। उप जिलाधिकारी व राजस्व विभाग के अधिकारी चौबीसों घण्टे सचल दस्ते के रूप में सक्रीय रह ब्यवस्थाएँ सुचारू बनाने में लगे है।
उल्लेखनीय है कि 14 सूत्रीय मांगों को लेकर 72 घण्टे की हड़ताल पर गए सूबे के बिजली कर्मचारियों के सहयोग में महोबा के विद्युत कर्मियों द्वारा भी लगातार कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। इनमे विभाग के नियमित कर्मचारियों के साथ 282 संविदा कर्मचारी भी है जो यहां कीरत सागर पावर हाउस में धरना.प्रदर्शन कर रहे है।
13 बिजली संविदा कर्मचारी बर्खास्त
