गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गृह क्लेश में इकलौते बेटे की हत्या, पत्नी घायल

श्रीगंगानगर : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पीलीबंगा थाना क्षेत्र के कालीबंगा गांव में आज सुबह एक व्यक्ति ने तेज धार वाले चाकू से अपने इकलौते 18 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। बेटे को बचाने आई पत्नी को भी उसने पेट में चाकू मारकर गंभीर घायल कर दिया। वारदात कर फरार हुए इस व्यक्ति को पुलिस ने कुछ ही देर में काबू कर लिया। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सुबह लगभग 9.30 बजे थाने में सूचना प्राप्त हुई थी कालीबंगा गांव में देवेंद्रसिंह नामक व्यक्ति ने अपने 18 वर्षीय इकलौते बेटे विवेक और पत्नी सरोज (35) पर चाकू से वार कर दिए हैं। देवेंद्र सिंह बेटे और पत्नी को घायल कर फरार हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां विवेक को मृत घोषित कर दिया गया। सरोज को प्राथमिक उपचार देने के बाद हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस बीच पुलिस की एक टीम देवेंद्रसिंह की तलाश में लग गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसे कुछ ही देर में काबू कर लिया गया। डीएसपी पूनम चौहान ने बताया कि घायल सरोज के बयान के आधार पर उसके पति देवेंद्रसिंह के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेक की लाश पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दी गई है।
पुलिस इस घटना के कारणों के बारे में देवेंद्र सिंह से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *