चेन्नई : तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में चावल मिल के भंडार में रखा चावलों के भारी मात्रा में गिरने से, दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कराइकुडी के पास सक्कोट्टई में शुक्रवार रात चावल मिल में मजदूर चावल को बैग में पैक कर रहे थे, तभी भारी मात्रा में चावल उन पर गिर गया, जिसमें दो श्रमिक मुथुकुमार (45) और कुंदन कुमार (30) की दबकर मौत हो गयी। दमकल और बचाव सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मालिक गुरुसेकर और पुत्र कन्नन को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिया गया है।
