बागपत : उत्तर प्रदेश में बागपत के फैजपुर निनाना गांव में आयोजित एक भंडारे में खिचड़ी का प्रसाद खाने से 21 लोगों की हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर आनन फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनकी हालत में सुधार हो रहा है। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने बताया कि रविवार शाम को सूचना मिली थी कि फैजपुर निनाना गांव एक मंदिर में भंडारा चल रहा था, जहाँ कुछ बच्चों समेत 21 लोगों ने यह प्रसाद ग्रहण किया तो कुछ देर बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और सभी बीमार लोगों व बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी बीमार लोगों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि गांव में टीम भेजकर खिचड़ी के नमूने लिए जाएंगे, जिनको परीक्षण के लिए लैब में भेजा जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी होगा, कार्रवाई होगी।
भंडारे में खिचड़ी खाने से 21 बीमार
