गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कैपिटल्स की चुनौती पार कर मुंबई बनी डब्ल्यूपीएल चैंपियन

मुंबई : मुंबई इंडियन्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के सांस रोक देने वाले फाइनल में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट का पहला खिताब जीत लिया। कैपिटल्स ने शिखा पांडे (27 नाबाद) और राधा यादव (27 नाबाद) की बदौलत मुंबई के सामने 132 रन का लक्ष्य रखा। मुंबई ने नैट सिवर-ब्रंट (60 नाबाद) और हरमनप्रीत कौर (37) की धैर्यवान पारियों की बदौलत यह लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 79 रन पर नौ विकेट गंवा दिये, जिसके बाद शिखा-राधा ने आखिरी विकेट के लिये 24 गेंद पर 52 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कैपिटल्स के कंजूस गेंदबाजों ने एड़ी-चोटी का ज़ोर लगाकर मैच को रोमांचक बनाया लेकिन सिवर-ब्रंट की अर्द्धशतकीय पारी ने मुंबई को जीत दिला दी। सिवर-ब्रंट ने 55 गेंद पर सात चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाते हुए हरमनप्रीत के साथ 72 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत लक्ष्य तक पहुंचने से पहले आउट हो गयीं मगर सिवर-ब्रंट ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजयी चौका जड़कर मुंबई को ऐतिहासिक डब्ल्यूपीएल खिताब जिता दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *