गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किसानो को अपमानित कर रही है भाजपा सरकार

लखनऊ : अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसानो को अपमानित और प्रताड़ित कर रही है। यादव ने बुधवार को कहा कि जबसे भाजपा सरकार बनी है प्रदेश में किसानों को लगातार अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें धोखा पर धोखा दिया जा रहा है। ओलावृष्टि और असमय बरसात से किसानों की फसलों को भारी क्षति हुई, लेकिन किसानों को राहत देने से भाजपा सरकार लगातार मुंह चुराती नजर आई हैं। कर्ज, महंगाई और उपेक्षा से परेशान कई किसानों ने आत्महत्या तक कर ली है।
उन्होने कहा कि बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से प्रत्येक किसान का नुकसान लाखों में हुआ। भाजपा सरकार केवल दो से तीन हजार मुआवजा देकर उनके जख्मों पर नमक डालने का काम कर रही है। भाजपा सरकार औद्यानिक फसलों पर कोई मुआवजा नहीं दे रही है। बुन्देलखंड में ओलावृष्टि से फसल खराब होने पर 12 दिनों में 5 किसानों की जानें चली गई। तीन किसानों ने आत्महत्या कर ली जबकि दो किसानों को दिल का दौरा पड़ गया।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के हित साधन के बजाय पूंजीघरानों के प्रति सहानुभूति रखती है। भाजपा सरकार की ‘फसल बीमा योजना‘ धोखा साबित हो रही है। इस फसल बीमा योजना से किसान को नहीं सिर्फ बीमा कम्पनियों को फायदा हो रहा है। किसानों के हिस्से की रकम भाजपा सरकार निजी बीमा कम्पनियों को बीमा के नाम पर दे रही है। मुआवजा एवं क्लेम के नाम पर बीमा कम्पनियां किसानों को क्लेम देने में आनाकानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *