गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हज यात्रियों के लिए स्वास्थ्य पर व्यापक व्यवस्था

नई दिल्ली : हजयात्रियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय विशेष व्यवस्था कर‌ रहा है। हजयात्रियों के लिए व्यापक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने की दृष्टि से, अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ कई बैठकें की हैं। पिछले तीन महीनों में दोनों मंत्रालयों के बीच इस विषय पर 10 से अधिक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और एक विस्तृत कार्य योजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश जारी किए हैं , जिसमें राज्यों को आवेदक हजयात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र प्रदान करने की सलाह दी गई है और इस तरह की स्क्रीनिंग के लिए एक विस्तृत प्रारूप राज्यों को भेजा गया है। आवेदकों की सहायता के लिए, इस वर्ष आवेदक मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किसी भी सरकारी एलोपैथिक चिकित्सक द्वारा जारी किया जा सकता है। इससे देश भर में मेडिकल स्क्रीनिंग प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
इसके अलावा, यह निर्देश दिया गया है कि राज्य और जिला स्वास्थ्य अधिकारी चयनित हजयात्रियों के लिए शिविर भी लगाएंगे, जिसमें प्रस्थान-पूर्व विस्तृत चिकित्सा जांच और टीकाकरण भी प्रदान किया जाएगा। इन शिविरों में सभी यात्रियों के लिए एक स्वास्थ्य कार्ड भी जारी किया जाएगा । किसी भी आपात स्थिति में समय पर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए सऊदी अरब में मेडिकल टीमों को डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य स्थिति उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक राज्य को राज्य अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहयोग से गतिविधियों के समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय हजयात्रियों को आवश्यक संख्या में मेनिंगोकोकल मेनिनजाइटिस वैक्सीन और मौसमी इन्फ्लुएंजा टीके खरीदेगा और प्रदान करेगा।
मंत्रालय ने कहा है कि प्रस्थान के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं के समन्वय के लिए सभी प्रस्थान करने वाले हवाई अड्डों पर स्वास्थ्य डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा सऊदी अरब में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की आवश्यकता की योजना बनाने के उद्देश्य से, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय अप्रैल के पहले सप्ताह के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम भी भेज रहा है, ताकि अस्थायी अस्पतालों, औषधालयों, फार्मेसियों और शिविरों की योजना बनाई जा सके। मक्का, मदीना, जेद्दा, अराफात और मीना के मुख्य स्थलै पर विशेषज्ञों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की आवश्यकता का आकलन करेगी। टीम इन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सा उपकरणों और दवाओं की आवश्यकता की जांच करेगी और उन्हें खरीदा और उपलब्ध कराया जाएगा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जन औषधि स्टोर से उपलब्ध दवाएं खरीदी जाएंगी और इन केंद्रों में उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को इच्छुक सरकारी चिकित्सा और पैरामेडिकल पेशेवरों की सूची प्राप्त करने के लिए भी कहा है, जिनका चयन इन स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन के लिए उनके अनुभव, विशेषज्ञता और वांछनीय योग्यता के आधार पर किया जाएगा। यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से और जल्दी से निपटने के लिए यात्रियों की चिकित्सा संबंधी समस्याओं की एक विस्तृत श्रृंखला के लिए जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *