गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मध्यप्रदेश की पहचान माफिया राज, मिलावट और भ्रष्टाचार से

खरगोन : कमलनाथ ने कहा है कि आज मध्यप्रदेश की पहचान माफिया राज मिलावट और भ्रष्टाचार से होती है। खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के सरवर देवला स्थित सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में मध्य प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा के अनावरण के उपरांत किसान सहकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने आरोप लगाया कि आज मध्यप्रदेश की पहचान माफिया राज मिलावट और भ्रष्टाचार से होती है लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नए भविष्य की शुरुआत की जाएगी।
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश की बहनों को 1500 रुपये प्रति माह 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर और समस्त किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। कमलनाथ ने पत्रकारों से चर्चा में इंदौर की घटना पर सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बड़े शहरों में रैपिड रेस्क्यू फोर्स स्थापित किया जाएगा तथा बिल्डिंग कोड और सेफ्टी कोड लागू किए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जिलों में फसलों के नुकसान के बाद भी अभी तक राहत प्रदान नहीं की गई है जबकि हमारी सरकार बिना कागजी कार्यवाही के 1 हफ्ते के भीतर किसानों को मुआवजा राशि पहुंचा देती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की 215 महीनों की सरकार ने 215 घोटाले कर इसे घोटाला प्रदेश बना दिया। उन्होंने कहा कि ‘विकास यात्रा’ का 160 स्थान पर विरोध हुआ ,इसके स्थान पर इन्हें ‘हिसाब यात्रा’ निकालनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश दुष्कर्म, महिला अत्याचार, आदिवासी व दलित अपराध में नंबर एक है और इस सरकार से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जुलूस निकलते थे लेकिन देश का इतिहास व संस्कृति दंगों की नहीं रही, लेकिन आज दंगे कराए जा रहे हैं और सभी जानते हैं कि कौन करा रहा है।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन करने आए कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री अखंड प्रताप सिंह यादव ने कहा कि पिछड़े वर्ग के स्वर्गीय सुभाष यादव या आदिवासी नेता शिव भानु सिंह सोलंकी प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। स्वर्गीय सुभाष यादव को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब इन वर्गों से कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा। यादव के इस कथन पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसा है कि आज के शक्ति प्रदर्शन से अरुण यादव ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, मध्य प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, विवेक तनखा, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया व अरुण यादव ने आज स्वर्गीय सुभाष यादव की जयन्ति पर उन्हें स्मरण करते हुए प्रदेश का गौरव निरूपित किया। आज के इस कार्यक्रम को यादव परिवार का शक्ति प्रदर्शन तथा कांग्रेस की चुनाव तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *