गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लम्पी बीमारी : बचाव के लिए 22 लाख गायों का किया टीकाकरण

चंडीगढ़ : पंजाब के पशु पालन विभाग द्वारा लम्पी स्किन बीमारी से बचाव के लिए चलाई जा रही मेगा टीकाकरण मुहिम के तहत राज्य में अब तक 25 लाख गायों का टीकाकरण करने का 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है। पंजाब के पशु पालन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को बताया कि 15 फ़रवरी को पशु पालन विभाग की 773 समर्पित वैटरनरी टीमों के साथ लम्पी स्किन बीमारी के विरुद्ध मेगा टीकाकरण मुहिम जंगी स्तर पर शुरू की गई थी, जिसको 30 अप्रैल, 2023 की निश्चित समय-सीमा से पहले मुकम्मल करने के लिए पूरा ज़ोर लगाया जा रहा है।
पशु पालन मंत्री ने बताया कि अब तक 22,58,300 से अधिक गायों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 90 प्रतिशत है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मेगा टीकाकरण मुहिम के अंतर्गत राज्य की सभी 25 लाख गायों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निश्चित किया था। उन्होंने विभाग के अधिकारियों और मुलाजिमों के अथक यत्नों की सराहना करते हुये कहा कि विभाग में आए नये वैटरनरी अफ़सरों और वैटरनरी इंस्पेक्टरों के कारण विभाग 30 अप्रैल के निर्धारित समय से पहले टीकाकरण मुहिम को पूरा करने के योग्य बनने जा रहा है।
इसी दौरान पशु पालन विभाग के प्रमुख सचिव विकास प्रताप ने बताया विभाग द्वारा रोज़ाना 40,000 टीके लगाने का लक्ष्य निश्चित किया गया था और अब तक नौ ज़िलों बरनाला, फ़रीदकोट, फ़तेहगढ़ साहिब, मोगा, मुक्तसर साहिब, शहीद भगत सिंह नगर, पटियाला, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर और संगरूर में 100 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है और चार ज़िलों ने 90 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पार कर लिया है जबकि बाकी ज़िलों में करीब 80 प्रतिशत टीकाकरण मुकम्मल कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *