छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर शहर के पुलिस आयुक्त डॉ निखिल गुप्ता ने रविवार को बताया कि किराडपुरा इलाके में बुधवार की रात हुए संघर्ष के सिलसिले में पुलिस की विभिन्न टीमों ने अब तक 80 हमलावरों की पहचान कर ली है और 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्ता ने बताया कि झड़प के दौरान पथराव और आगजनी की गई, जिसके कारण 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए और 16 वाहनों में आग लगा दी गई।
उसके बाद पुलिस ने इस मामले में करीब 400 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब आरोपी को गिरफ्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि किराडपुरा में नारेबाजी कर रहे 80 दंगाइयों की पहचान कर ली गई है। इनमें से 28 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी की सीसीटीवी से शिनाख्त का काम जारी है और तकनीकी साक्ष्य के जरिए बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब काफी सबूत मिल चुके हैं और जल्द ही बड़ा खुलासा होगा।
इस बीच रविवार की शाम छत्रपति संभाजीनगर में महाविकास अघाड़ी की बैठक हो रही है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना शिंदे की ओर से सावरकर गौरव यात्रा का आयोजन किया गया है। इस यात्रा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही दोनों कार्यक्रमों पर सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी। डॉ गुप्ता ने बताया कि शहर में शांति है और दोनों आयोजकों ने हमें आश्वासन दिया है कि कोई अव्यवस्था नहीं होगी।
