जालौन : उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की सिर कूच कर हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद बदमाश शव को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गये। ग्रामीणों ने सुबह सड़क किनारे शव को पड़ा देख पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा, जालौन कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदमाश हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद शव को जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर के पास सड़क किनारे फेंककर भागे हैं। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कोच कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दिरावटी निवासी मोहम्मद निजाम (32) के रूप में की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि यह हत्या 15 से 16 घंटे पहले की गई है। बदमाशों ने उसके सिर पर प्रहार करते हुए उसकी हत्या की है। मृतक के सिर पर चोट है। साथ ही शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। इस मामले की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों की तरफ से अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की सिर कूच कर हत्या
