पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में 30 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी एक महिला रिश्तेदार और उसके दो बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना पुणे के कोंढवा इलाके में घटी। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के लातूर जिला निवासी वैभव रूपसेन वाघमारे के रूप में हुई है। उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है कि उसने एक महिला आम्रपाली वाघमारे (25) और उसकी बेटी रोशनी (6) और बेटे आदित्य (4 ) की हत्या की है। आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी महिला रिश्तेदार का तथाकथित रूप से अन्य पुरुषों के साथ प्रेम संबंध था।
एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 201 (सबूत नष्ट करना) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी और पीड़िता के बीच बुधवार को महिला के कथित अवैध संबंधों को लेकर तीखी बहस हुई थी। कोंढवा पुलिस थाना के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी गुस्से में आकर कथित रूप से उस महिला और उसके दोनों बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि बुधवार रात लगभग नौ बजे कोंढवा के पिसोली इलाके में महिला के घर के सामने शवों को आग के हवाले कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
महिला और उसके दो बच्चों की हत्या की
