लड़की की लाश के पास बेसुध पड़ा था प्रेमी; घरवाले बोले- पुलिस एक्शन लेती तो बेटी जिंदा होती
गाजियाबाद। गाजियाबाद में प्रेमिका के मर्डर के बाद का वीडियो सामने आया है। इसमें प्रेमिका की खून से लथपथ लाश पड़ी दिख रही है। वहीं पर प्रेमी भी बेसुध पड़ा है। उसके पास में एक पिस्टल और देसी तमंचा भी पड़ा है। गुरुवार सुबह नंदग्राम इलाके में लड़के ने गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद जहर खा लिया। मौके पर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में दिल्ली के GTB हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्याकांड की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।
घरवालों ने किया प्रदर्शन
उधर, मृतका दीपमाला का शव पोस्टमॉर्टम हाउस से घर आते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने गांव घूकना मोड़ पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना है कि हमने हत्यारोपी राहुल के खिलाफ बेटी को परेशान करने की एप्लिकेशन पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस तभी एक्शन ले लेती तो दीपमाला आज जिंदा होती।
घर में घुसकर गोली मारी, तुरंत जहर खाया
नंदग्राम थाना क्षेत्र के गांव घूकना में ये वारदात गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे हुई। 20 वर्षीय दीपमाला यादव घर पर अकेली थी। हनुमान जयंती पर दीपमाला के मां-बाप पूजा करने के लिए मंदिर गए थे। इसी दौरान 26 वर्षीय राहुल चौधरी घर में पीछे से घुस आया और तमंचे से दीपमाला को गोली मार दी। इस वारदात के तुरंत बाद राहुल ने जहर खा लिया। राहुल बुलंदशहर के सलेमपुर गांव का रहने वाला है।
