हैदराबाद : तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) की बिजली से चलने वाली एक वातानुकूलित बस में शुक्रवार को हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे के समीप आग लग गयी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह बस शमशाबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआईए) से जुबली बस स्टेशन जा रही थी। बस चालक को जब इंजन में आग की लपटें दिखी तो उसने तुरंत वाहन को सड़क के बायीं ओर खड़ा कर दिया, जिससे सभी यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकल गए। आग की सूचना प्राप्त होने के बाद दमकल की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बस को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। जांच चल रही है।
