उदयपुर : राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में पुुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भागी एक इसुजु गाड़ी से 882 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। जिला पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि कल रात्रि एसएसओ गोगुंदा अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम द्वारा नान्देशमा तिराहे पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। देर रात नान्देशमा की ओर से तेज गति से आ रही इसुजु गाड़ी पुलिस नाकाबंदी को तोड़ कर सायरा की ओर दौड़ने लगी। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया तो चालक और उसका साथी गाड़ी को रोड पर छोड़कर घने जंगल और पहाड़ियों का फायदा उठाकर भाग गए। गाड़ी की तलाशी में 41 प्लास्टिक के कट्टों से 882.12 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
