गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रतलाम के विकास में नहीं छोड़ेंगे कमी

रतलाम : शिवराज सिंह चौहान ने आज रतलाम जिले में लगभग 1300 करोड़ रुपए के विकासकार्यों की सौगात देते हुए कहा कि जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। चौहान ने यहां आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिलेवासियों को कई सौगातें दीं। उन्होंने ‘लाड़ली बहना महासम्मेलन’ में बैंक लिंकेज के अंतर्गत जिले के 173 स्व सहायता समूहों को 3 करोड़ 86 लाख एवं 378 स्व-सहायता समूहों को 3 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि के चेक भी वितरित किए।
इस अवसर पर चौहान ने कहा कि विकास की दृष्टि से रतलाम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। आज 1300 करोड़ रूपये से अधिक के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। रतलाम के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब एक हजार बेटों पर 956 बेटियां पैदा हो रही हैं। जब तक हजार बेटों पर हजार बेटियां जन्म न लेने लगें, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनाव में भाजपा सरकार ने तय किया कि आधी सीटों पर बहनें चुनाव लड़ेंगी और आज स्थिति बदल गई है।
मुख्यमंत्री ने ‘लाड़ली बहना महासम्मेलन’ में जिला प्रशासन द्वारा तैयार ‘प्राचीन इतिहास से अत्याधुनिक विकास की ओर रतलाम’ विषय पर आधारित वार्षिक प्रतिवेदन पुस्तिका का विमोचन किया। चौहान ने कहा कि वे एक बात दावे से कह सकते हैं कि बेटी जब तक जिंदा रहेगी उसकी हर सांस माता-पिता के लिए चलेगी। बेटी नहीं बचाएंगे तो बहू कहां से लाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बनाई। तय किया कि किसी गरीब बिटिया की शादी के लिए माता-पिता को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। बेटियों की शादी सरकार कराएगी। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि एक दिन वे रात भर जागते रहे और सुबह 4 बजे तय किया कि ऐसी गरीब बहनें, जिनके पास 5 एकड़ से कम जमीन है, जिनकी आमदनी साल में ढाई लाख रुपये से कम है, ऐसी बहनों के खाते में हर महीने 1 हजार रुपए डाले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *