गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी के नए भारत के सपने को सच बनाएंगे

भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारा देश 140 करोड़ लोगों का देश है, लेकिन इस देश के खिलाड़ियों को ओलंपिक में कितने पदक मिलते रहे हैं, आजादी के बाद पहली बार अगर किसी ने इस दिशा में विचार किया है, तो वो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। शर्मा ने आज एक कॉलेज में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से, सुदूर अंचलों और गांवों से खेल प्रतिभाओं को खोजने के लिए उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ शुरू किया। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री उनसे बात करते हैं, उनका हौसला बढ़ाते हैं। वो इस बात की भी चिंता करते हैं कि किस तरह एनसीसी के बच्चों को ट्रेंड करके देश की सुरक्षा में उनका उपयोग किया जाए। वो यह मानते हैं कि नए भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और आज मैं यहां उपस्थित सभी छात्रों, युवाओं से आह्वान करता हूं कि हम सब मिलकर प्रधानमंत्री के नए भारत के निर्माण के सपने को साकार करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का फोकस युवाओं पर है। देश के अंदर कई लोग और संस्थाएं यह मानती हैं कि हमारे छात्र कल के नागरिक हैं। लेकिन हम जिस संगठन से आते हैं, उसका मानना है कि युवा छात्र कल के नहीं, आज के नागरिक हैं। इसलिए युवाओं के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें देश और समाज के हित में, नीति निर्धारण में अपनी भूमिका का निर्वाह करना चाहिए। युवाओं को कनेक्ट करने के लिए प्रधानमंत्री जी ने प्रत्येक सांसद को यह जिम्मेदारी दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी खेल गतिविधियां आयोजित करें, जिससे स्थानीय युवा जुड़ सकें। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के जो युवा प्रतिभाएं हैं, उनको कनेक्ट करने का काम कीजिए।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 23 मार्च को शहीद दिवस के अवसर पर जिस युवा नीति की घोषणा की है, उसे तैयार करने में प्रदेश के युवा भी सहभागी रहे हैं। हमने प्रत्येक मंडल में अलग-अलग वर्गों के 100 युवाओं को जोड़ा और उन्हें खिलते कमल नाम दिया गया। उनसे युवा नीति के बारे में सुझाव लिए और उन्हीं सुझावों पर प्रदेश की युवा नीति तैयार की गई है।
श्री शर्मा ने कहा कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। लेकिन देश में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाओं को खोजकर एक मंच पर लाने का काम पहले कभी किसी ने नहीं किया। देश में कौन नौजवान क्या इनोवेशन कर रहा है, कौन सा नौजवान एक नई सोच के साथ समाज में खड़ा है, किसी सुदूर अंचल में रहने वाला कोई व्यक्ति क्या नया कर रहा है, उन सभी को हमारे प्रधानमंत्री सिर्फ जानते ही नहीं, बल्कि अपने कार्यक्रमों में उनका उल्लेख भी करते हैं। जनजातीय समाज की लहरी बाई डिंडोरी जिले के एक सुदूर गांव में रहती हैं। लेकिन वो जो काम कर रही हैं, उसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें और उनके आइडिया को चुन लिया।
शर्मा ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है। मध्यप्रदेश में भी जो 5.39 करोड़ मतदाता हैं, उनमें से 2.20 करोड़ 35 वर्ष से कम आयु के युवा हैं। प्रदेश में 30 लाख नवमतदाता हैं। भ्रम और झूठ-कपट की राजनीति करने वाले लोग कई समाज में ऐसी चीजों को फैलाते हैं, जिनसे भ्रम पैदा होता है। नौजवानों को इन भ्रमों के प्रति सतर्क रहना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *