दोनों के कटे सिर को अलग-अलग कमरे में छिपाया; पति कश्मीर में आर्मी में है तैनात
कासिमाबाद, गाजीपुर। गाजीपुर में शुक्रवार देर रात एक मां ने बेटा-बेटी की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। बेटी की उम्र 9 साल थी, जबकि बेटा 7 साल का था। वारदात के बाद मां ने एक का सिर बेड के सिरहाने और दूसरे का बगल वाले कमरे में छिपा दिया। ससुर ने सुबह जब उसे पकड़ा, तो उसने चाकू से गला काटकर जान देने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर कई थाने की फोर्स मौजूद है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना मरदहा थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव की है।
यहां के रहने वाले अजीत यादव सेना में हैं। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। उनकी पत्नी नीतू यादव (36) परिवार के साथ रहती है। ससुर राम बचन यादव ने बताया कि रात को सभी लोगों ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए। नीतू भी कमरे में तीन बच्चों के साथ सोने चली गई। ससुर ने बताया, रात में बहू नीतू ने पोती हार्दिक और पोता हैप्पी की गला काटकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह जब बच्चे नहीं दिखे, तो मैंने उसने बच्चों के बारे में पूछा। जवाब में उसने कहा कि दोनों बच्चों की हत्या कर दी है। इतना कहते ही मेरे ही सामने ही उसने चाकू से अपना गला काटने का प्रयास किया। ये देखते ही मैंने शोर मचा कर बाकी लोगों को बुलाया और हाथ से चाकू छीन कर उसे कमरे में बंद कर दिया।
बेटी का सिर बेडरूम में, बेटे का बगल वाले कमरे में मिला
ससुर ने बताया कि इसके बाद हमने बच्चों की तलाश की। हमें बेटी हार्दिक का सिर नीतू के बेडरूम में बेड के सिरहाने पड़ा मिला। जबकि हैप्पी का सिर बगल वाले कमरे में था। दोनों के धड़ बेडरूम में ही पड़े थे। बच्चों की सिर कटी लाशें देखकर रूह कांप गई। पूरे कमरे में सिर्फ खून ही खून नजर आ रहा था।
बोली- संयोग से तीसरी बेटी बच गई है
ससुर का कहना है, जब नीतू को कमरे में बंद किया, तो वह जोर-जोर से चिल्ला रही थी। बोल रही थी कि संयोग से तीसरी बेटी परी बच गई है। मैं अपनी जान ले लूंगी। दो बच्चों को मार दिया है, अब मुझे भी नहीं जीना है। मुझे कमरे से निकालो।
पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर नीतू को पकड़ा
सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कमरा खुलवा कर नीतू को पकड़ा और गिरफ्तार कर थाने ले गई। एसपी ओमवीर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
एसपी बोले- मानसिक रूप से कमजोर है महिला
एसपी ने बताया कि महिला ने अपने दो बच्चों की गला काटकर हत्या की है। परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से परेशान है। उसका इलाज भी चल रहा है। पति सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। उन्हें सूचना दे दी गई है। बातचीत में महिला मानसिक रूप से कमजोर लग रही है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
मां ने बेटा-बेटी की गला काटकर हत्या की
