गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

टॉस से पहले नहीं पता था खेलने वाला हूं

मुंबई : चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 27 गेंद पर 61 रन की आतिशी पारी खेलने बाद खुलासा किया कि उन्हें टॉस से पहले तक अपने टीम में होने की जानकारी नहीं थी। रहाणे ने शनिवार को मैच के बाद कहा, “मैंने अपनी पारी का आनंद लिया। मुझे टॉस के पहले ही पता चला कि मैं खेल रहा हूं। दुर्भाग्य से, मोईन की तबीयत ठीक नहीं थी। मेरा घरेलू सीजन अच्छा रहा और मैं अभ्यास सत्र में भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था। मेरी कोशिश यही थी कि मैं पारंपरिक शॉट खेलूं और हड़बड़ाऊं नहीं।”
मुंबई ने चेन्नई के सामने 158 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे चेन्नई ने रहाणे के तूफानी अर्द्धशतक के दम पर 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। रहाणे भले ही अंतिम समय तक एकादश में अपनी जगह को लेकर सुनिश्चित नहीं थे, लेकिन उन्होंने सात चौकों और तीन छक्कों के साथ विस्फोटक पारी खेलकर अपनी मानसिक क्षमता का परिचय दे दिया।
रहाणे ने कहा, “आप मानसिक रूप से तैयारी करना चाहते हैं। आईपीएल एक लंबा टूर्नामेंट है और आपको सकारात्मक रहना होता है। माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी) और फ्लेम (कोच स्टीफन फ्लेमिंग) ने खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आज़ादी दी है। मुझसे अपनी मजबूती पर ध्यान देने के लिये और तैयारी करने के लिये कहा गया था। मुझे वानखेड़े पर खेलना पसंद है और मैं इस मैदान को अच्छी तरह जानता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *