सुपौल : सशस्त्र सीमा बल ( एस एस बी) ने भारत-नेपाल सीमा से लगे सीमा चौकी पिपराही के समीप से 45 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बल के 45वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी ने रविवार को यहां बताया कि सूचना मिली थी कि सीमा स्तम्भ संख्या 214/05 स्पर संख्या 10 के पास कोशी नदी के पलार में भारी मात्रा में गांजा छुपा कर रखा गया है जिसे तस्करी के लिए नेपाल से लाया गया है । सूचना की पुष्टि करने के उपरांत एक विशेष तलाशी दल का गठन किया गया।
कुमार ने बताया कि निरीक्षक नवांग सिकंजी के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी ब्रजकिशोर सिंह तथा अन्य सात का विशेष तलाशी दल अपने साजो-सामान एवं वाहिनी के श्वान दस्ते के साथ निर्धारित इलाके की तलाशी के लिए बढ़ा। कोशी नदी के पलार के इलाके में पहुँच कर तलाशी दल ने इलाके कि तलाशी प्रारम्भ की। इस क्रम में श्वान द्वारा एक जगह को चिन्हित किया गया जिसकी तलाशी पर पाया कि रेत के नीचे बोरियों में कुछ समान छुपा कर रखा गया है। श्वान द्वारा उक्त सामान कि शिनाख्त नशीले पदार्थ के रूप में की गयी तत्पश्चात तलाशी दल द्वारा सामान को अपने कब्जे में कर लिया गया। तलाशी के दौरान 45 किलोग्राम गाँजा पाया गया जिसे दल द्वारा जब्त किया गया। जब्त किए गए गांजे को तलाशी दल द्वारा पुलिस स्टेशन रतनपुर, सुपौल बिहार के सुपुर्द किया गया ।
एस एस बी ने भारी मात्रा में जब्त किया गांजा
