गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

घूसखोर दारोगा को उसी के थाने के लाकअप में डाला

आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाने में 30 हजार रूपये रिश्वत लेकर आरोपी पक्ष को छोड़ने के आरोप में एक दरोगा को गिरफ़्तार कर सोमवार को उसी के थाने के लाकप में डाल दिया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग आर्य के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी। आर्य ने बताया कि थाने में किसी लड़की के मामले की शिकायत आई थी , जिसकी जांच इसी थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर मोहन प्रसाद को मिली थी। मोहन प्रसाद ने इस प्रकरण की जांच के बाद दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया और एक पक्ष से 30 हज़ार रूपये लेकर मामले को रफा-दफा कर दिया। इस पर ग्राम अमलाई निवासी दूसरे पक्ष के संतोष कुमार ने एसपी से शिकायत की। एसपी ने जांच का जिम्मा पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बुढ़नपुर को दिया ।
सीओ ने मामले की जांच के दौरान आरोप को सही पाया और एसपी को इसकी जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर मोहन प्रसाद के विरुद्ध कप्तानगंज थाने में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर मोहन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया और उसी थाने के लॉकअप में डाल दिया गया। आर्य ने बताया कि आरोपी दरोगा मोहन प्रसाद वाराणसी जिले के जलालापट्टी का रहने वाला है ।इस पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर गौरव शर्मा को दी गई है ।सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *