आप ने मोदी सरकार के खिलाफ जारी किये पोस्टर
अजमेर : राजस्थान के अजमेर में आज आम आदमी पार्टी (आप) स्थानीय इकाई ने केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए ..मोदी हटाओ-देश बचाओ.. के पोस्टर लगाए। अजमेर के महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के बाहर प्रदेश उपाध्यक्ष कीर्ति पाठक तथा अजमेर लोकसभा प्रभारी त्रिवेंद्र पाठक के नेतृत्व में राष्ट्रीय नेता गोपाल राय तथा प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल के आह्वान पर पोस्टरों के जरिए विरोध प्रदर्शन किया गया। पाठक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पूरे देशभर में भाजपा के संबंध में यह संदेश देना है कि वह जनता से किए वादों को पूरा नहीं कर पाई और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर पूरे विपक्ष को दबाकर भारत को अपनी मुठ्ठी में करना चाहती है।
आज देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इसे बचाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना होगा। आप अजमेर लोकसभा प्रभारी त्रिवेंद्र पाठक ने भी कहा कि केंद्र सरकार भारत की न्याय पालिका पर दबाव बनाकर जिस तरह से काम करा रही है। साथ ही चुनाव आयोग को भी अपने अनुसार संचालित करने की कोशिश कर रही है यह तानाशाही का बड़ा उदाहरण है। प्रदर्शन में आप के अनेकों कार्यकर्ता मोदी विरोधी पोस्टर के साथ उपस्थित रहे।
