बलिया : उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने समाजवादी पार्टी (सपा) के एक छात्र नेता की हत्या कर दी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है । पुलिस सूत्रों ने बताया कि सतीश चंद्र महाविद्यालय के गेट पर आज सुबह परीक्षा देकर लौट रहे सपा छात्र नेता हेमंत यादव (23) और छात्र आलोक यादव (20) पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया । घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए ।
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें गैर जनपद रेफर कर दिया गया । परिजन सपा छात्र नेता हेमंत को मऊ ले जा रहे थे की तभी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई । घटना के बाद मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जापलिनगंज पुलिस चौकी के प्रभारी वरुण राकेश को निलम्बित कर दिया गया है । अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का जान पड़ रहा है ।
मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है । सपा के जिला मीडिया प्रभारी सुशील पांडेय ने बताया कि हेमंत यादव सपा से जुड़ा सतीश चन्द्र महाविद्यालय का छात्र नेता था । सपा के प्रवक्ता मनोज काका ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि सतीश चन्द्र महाविद्यालय से पेपर देकर निकल रहे छात्र नेता हेमंत यादव की सरकार संरक्षित अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गयी है।
