होशियारपुर : पंजाब में होशियारपुर जिले के गांव गढ़ी मंसोवाल के पास बुधवार को एक ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से एक किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान बोदल समराला(लुधियाना) निवासी जसविंदर सिंह (28), दविंदर सिंह उर्फ हैरी (13) और दर्शन सिंह (60) के रूप में हुई है। घायलों को गढ़शंकर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार बैसाखी लंगर सेवा के लिए 13 लोग राशन का सामान लेकर बोदल समराला से गढ़शंकर उपमंडल के श्री खुरलगढ़ साहिब में नल स्थान श्री गुरु रविदास महाराज के लिए राशन का सामान लेकर ट्रैक्टर-ट्राली में जा रहे थे। वे जब गांव गढ़ी मंसोवाल के पास पहुंचे तो ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। शव पोस्टमार्टम के लिए गढ़शंकर के सिविल अस्पताल भेजे गये हैं। गढ़शंकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
