मुंबई : महाराष्ट्र में मुंबई यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने और हेलमेट नहीं पहनने पर दो महिला पुलिस कांस्टेबल पर जुर्माना लगाया है। मुंबई यातायात पुलिस ने ट्विटर पर कहा,“कानून का उल्लंघन करने पर चूनाभट्टी पुलिस स्टेशन और यातायात विभाग ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वाली दो महिला पुलिसकर्मियों पर उचित कार्रवाई की है। दोनों पुलिसकर्मियों से 500-500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल गई है।’ पुलिस बिना हेलमेट के बाइक चलाते पकड़े जाने पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाती है। बार-बार उल्लंघन करने पर चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है।
दोनों महिला पुलिसकर्मियों को दादर के पास ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बिना हेलमेट के सवारी करते देखा गया था। इन दोनों की तस्वीर को राहुल बर्मन नाम के एक ट्विटर यूजर ने अपलोड किया था, जिसने लिखा था, ‘क्या होगा अगर हम इस तरह से यात्रा करें , क्या यह यातायात नियम का उल्लंघन नहीं है?’ इसके बाद कई ट्विटर यूजर्स ने मुंबई पुलिस के अधिकारियों की खिंचाई की और उनसे उचित कार्रवाई करने की मांग की।
दो महिला पुलिस कांस्टेबल पर हेलमेट नहीं पहनने पर जुर्माना
