गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है

खरगोन : अखिलेश यादव ने आज माफिया डॉन अतीक अहमद के लड़के और एक अन्य के एनकाउंटर को फेक निरूपित करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है। खरगोन जिले के कसरावद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोरावा में आज एक कार्यक्रम के सिलसिले में आए यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश फेक एनकाउंटर का प्रदेश बन गया है और अधिकारियों पर दबाव बनाकर फेक एनकाउंटर हो रहे हैं। जब इसकी जांच होगी तो अधिकारियों के विरुद्ध अपने आप कार्रवाई हो जाएगी।
अतीक अहमद के लड़के के एनकाउंटर पर पूछे गए एक अन्य सवाल को लेकर यादव ने कहा कि इसके पूर्व भी कई घटनाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े हुए हैं और राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने फेक एनकाउंटर और कस्टोडियल डेथ को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को सबसे अधिक नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय ने भी इन मामलों में टिप्पणियां की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माफिया को मिट्टी में मिला देंगे के कथन को लेकर यादव ने कहा कि कई ऐसे मामले हैं, जिनमें उनकी स्वयं की जाति के लोग शामिल हैं क्या उन्हें भी मिट्टी में मिलाया जाएगा। उन्होंने कहा मिट्टी में मिलाने की बात एक सीमा तक है, दरअसल चुनाव के दृष्टिगत समाज को बांटा जा रहा है तथा असली मुद्दों से भटका कर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब वह लोग कर रहे हैं जिन्हें संविधान में भरोसा नहीं है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मध्यप्रदेश में समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *