श्रीनगर : मौसम विभाग ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में रविवार से चार दिन तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने शनिवार को बताया कि उत्तर भारत में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बारिश होगी और इससे तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती हैं। सोमवार से मंगलवार के दौरान विशेष सक्रियता के साथ 16 से 20 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या हिमपात होने के आसार हैं। श्रीनगर मौसम विभाग कार्यालय ने बताया कि बारिश के दौरान, जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि के भी आसार है। बारिश के मौसम के कारण, पहाड़ी और बर्फीले क्षेत्रों में परिवहन में अस्थायी व्यवधान का अनुमान है।
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे बगीचों में छिड़काव को स्थगित कर दें और बारिश के मौसम के दौरान खेतों में उचित जल निकासी बनाए रखें। इस बीच, कश्मीर में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कल रात श्रीनगर में तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस था जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पर्यटन स्थल पहलगाम में बीती रात न्यूनतम तापमान 4.6, गुलमर्ग में सात और कुपवाड़ा में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 21.2, बनिहाल में 9.3, कटरा में 19.4 और भद्रवाह में 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। विभाग ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.7 डिग्री सेल्सियस और 4.62 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में रविवार से बारिश के आसार
