चंडीगढ़ : हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोहना तहसील में भूखंडों की सेल डीड कराने के नाम पर 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते डीड राइटर को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि आरोपी डीड राइटर यह रिश्वत साेहना के नायब तहसीलदार सतबीर के नाम पर ले रहा था। नायब तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। गुरुग्राम निवासी ने डीड राइटर गौरव के खिलाफ भूखंडों की सेल डीड पंजीकरण के एवज में 78500 रुपये की रिश्वत मांगने को लेकर ब्यूरो को शिकायत दी थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की एक टीम ने जाल बिछा कर डीड राइटर को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अलग मामले में एसीबी की टीम ने नारनौल में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक इंस्पेक्टर को राशन डिपो चलाने के एवज में 2000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। महेंद्रगढ़ जिले के खरानी गांव निवासी शिकायतकर्ता ने आरोपी इंस्पेक्टर नीरज के खिलाफ राशन डिपो चलाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। तथ्यों की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम ने छापा मार कर आरोपी इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
डीड राइटर 60 हजार रुपए रिश्वत लेता गिरफ्तार
