चेन्नई : तमिलनाडु के शहर गंगाराकोट्टई में पटाखा बनाने वाली एक निजी इकाई में हुए विस्फोट में एक महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गयी। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के पुलिस ने कहा कि महिला रासायनिक स्टॉक की सूची ले रही थी, तभी अचानक आग लग गई और विस्फोट हो गया। मृतक की पहचान जयचित्रा (24) के रूप में हुई। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवकाशी के सरकारी अस्पताल में भेज दिया।
यहां पुलिस मुख्यालय में प्राप्त रिपोर्टों में कहा गया है कि जब विस्फोट हुआ तब वह कारखाने में मौजूद एकमात्र कर्मचारी थी। इस बीच, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने महिला की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और उसके परिवार को तीन लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की और मुख्यमंत्री जन राहत कोष से सहायता की घोषणा की।
