गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इनेलो की ‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ सोनीपत पहुंची

सोनीपत। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ 55वें दिन में प्रवेश करते हुए शनिवार को सोनीपत में पहुंच गई। खास बात यह है कि यह यात्रा जिस भी जिला एवं हलके में पहुंची तो लोगों ने बड़े ही उत्साह से स्वागत किया और अभय सिंह चौटाला के साथ कदमताल करते हुए यात्रा में खुद को भी जोड़ा। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र एवं गांवों में हुई सभाओं के मंचों पर भी उन सैकड़ों लोगों ने इनेलो का झंडा थामा जो इससे पूर्व भाजपा, जजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी थे। इससे उत्साहित अभय सिंह ने कहा कि इनेलो न केवल पहले की बनिस्पत मजबूत ही नहीं हुई बल्कि पुराने साथियों के आ जाने से युवा पीढ़ी को भी एक सकारात्मक संदेश मिला है और इसी का ही परिणाम है कि युवाओं ने पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए खुद ही कमान संभाल ली है।
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला और इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने जोर देकर कहा है कि आने वाले चुनावों में प्रदेश की कमान न केवल युवाओं के हाथों होगी बल्कि इनेलो की ओर से 50 फीसदी टिकटें युवाओं खासकर नये चेहरों को दी जाएगी। इनेलो की इस नीति ने भी युवाओं को काफी प्रभावित किया हुआ है। अभय सिंह चौटाला अपनी पदयात्रा के दौरान ग्राम पंचायतों से लेकर बुजुर्गों तक, किसानों से लेकर कर्मचारियों तक, कामगारों से लेकर विद्यार्थियों तक हर वर्ग के लिए आवाज उठा रहे हैं, उससे भी इन सभी वर्गों में इनेलो के प्रति रुझान बढ़ा है।

लोग इस बात को मानने लगे हैं कि एकमात्र विधायक होने के बावजूद इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा में प्रदेश हित में पुरजोर तरीके से आवाज बुलंद की है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि गरीबों के पीले कार्ड काट दिए गए और बुजुर्गों की पेंशन में कटौती की जा रही है। सरकार की गलत नीतियों के कारण युवा पथभ्रष्ट हो रहे हैं और हरियाणा में ग्राम पंचायतें अपने अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन की राह पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *