सपा सुप्रीमो ने कहा- रामराज्य, समाजवाद तभी संभव, जब जातीय जनगणना हो
लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को ईद पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक एक मंच पर नजर आए। दोनों नेता ऐशबाग ईदगाह मैदान में ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे थे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करीब 11 बजे ईदगाह पहुंचे। फिर 11.30 बजे अखिलेश यादव भी पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ। दोनों ने एक दूसरे का अभिवादन किया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में एक बार फिर अखिलेश ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया। कहा, रामराज्य, समाजवाद तभी संभव है। जब जातीय जनगणना हो। जातीय जनगणना होने से सबका साथ-सबका विकास होगा। जातीय जनगणना से ही भाईचारा आएगा। जातीय जनगणना से ही भेदभाव खत्म होगा, जातीय जनगणना से ही लोकतंत्र मजबूत होगा। जातीय जनगणना से ही समाजवाद आएगा। जातीय जनगणना से ही रामराज्य आएगा।
निकाय चुनाव से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा, ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। लखनऊ आगरा, कानपुर इलाहाबाद जैसे बड़े शहरों को भाजपा ने कूड़ा बना दिया है। भाजपा ने सपना दिखाया था कि स्मार्ट सिटी बनाएंगे। स्मार्ट सिटी बनाना, तो दूर शहरों में आम लोगों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। राजधानी में जो कुछ सुंदर बनाया गया। वह सपा की देन है। भाजपा कभी कूड़ा नहीं खत्म कर सकती, क्योंकि वह कूड़े को पसंद करने वाले लोग हैं।
डिप्टी सीएम ने भी दी ईद की मुबारकबाद
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने ईदगाह में ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में सबका साथ-सबका विकास से काम हो रहा है। खासकर यूपी में मुस्लिम भाई-बहनों के जीवन स्तर पर बदलाव लाने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। हम सभी मुस्लिम भाई बहनों को ईद के पावन पर्व पर बहुत-बहुत बधाई देते हैं।
लखनऊ ईदगाह में एक मंच पर अखिलेश और ब्रजेश पाठक
