अमृतसर। वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने रविवार सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उसकी गिरफ्तारी मोगा जिले में रोडे गांव के गुरुद्वारे से हुई। अरेस्टिंग से पहले वह गुरुद्वारे में प्रवचन दे रहा था। पंजाब पुलिस अमृतपाल को बठिंडा से फ्लाइट के जरिए असम की डिब्रूगढ़ जेल ले गई है। गुरुद्वारे के ग्रंथी ने बताया कि अमृतपाल शनिवार रात को रोडे गांव पहुंचा था। पुलिस को खबर मिली थी कि वह समर्थकों की भीड़ के साथ सरेंडर करना चाहता था। भीड़ जमा होने पर माहौल बिगड़ने की आशंका थी। लिहाजा पंजाब पुलिस की टीम सादे कपड़ों में पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
