गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सभी 17 नगर निगमों में परचम लहरायेगी भाजपा

प्रयागराज : केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी न सिर्फ निकाय चुनाव में सभी 17 नगर निगमों में विजय पताका फहरायेगी बल्कि अगले साल हाेने वाले लोकसभा चुनाव में भी राज्य की सभी 80 सीटें जीतेगी। मौर्य ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं में उत्साह है वहीं जनता भी आम कार्यकर्ता की तरह यह चुनाव भाजपा के पक्ष में लड़ रही है। उन्हे भरोसा है कि पार्टी सभी 17 नगर निगमों में जीत हासिल करेगी। इसके अलावा नगर पालिका, नगर पंचायतों में भी भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी।
समाजवादी पार्टी (सपा) को समाप्तवादी पार्टी कहते हुये उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा का खेल खत्म हो चुका है वहीं बसपा भी ‘बिल्कुल समाप्तवादी पार्टी बन चुकी है। सपा में भगदड़ मची हुई है। कांग्रेस के लोग भी बडी तादाद में भाजपा से जुड़ने लगे हैं। बसपा कहीं भी नजर नहीं आ रही है। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के बयान पर प्रतिक्रिया देने से बचते हुये उन्होने कहा “ नंदी मेरे मंत्री हैं,आज उनका जन्मदिन,उनको बधाई।” उन्होने कहा कि जो अच्छे लोग हैं वो पार्टी में आएंगे और जो गंदे हैं वो पार्टी छोड़ कर चले जाएंगे।
उन्होने कहा कि अयोध्या में काफी बलिदान के बाद भव्य राममंदिर का निर्माण हो रहा है। कई देशों से लोग राम मंदिर के लिए जल ला रहे हैं। सपा सुप्रीमो वर्ष 2013 में हुये कुंभ में भाग लेने प्रयागराज नहीं आये थे जबकि 2019 में उन्हे प्रयागराज आना पडा था। उनकी पार्टी की विचारधारा से प्रेरित होकर कई राजनीतिक दल के लोग मंदिर जाने लगे हैं।वर्ष 2025 में प्रयागराज में महाकुंभ अति भव्य तरीके से आयोजित किया जायेगा।
मौर्य पिछली फरवरी में मारे गये अधिवक्ता उमेश पाल के आवास पर गये और परिजनो से मुलाकात की। उन्होने कहा कि उमेश पाल की हत्या अति दुखद है। उनके साथ दो पुलिसकर्मी भी शहीद हुये। उनके परिवारों के प्रति उनकी संवेदना है। पुलिस की कार्यशैली पर संतोष जताते हुये उन्होने कहा कि यूपी पुलिस प्रदेश की 25 करोड़ जनता के लिये रक्षा कवच है और हर घटना का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *