गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पहलवानों के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली : जंतर मंतर पर न्याय की मांग को लेकर एक बार फिर धरने पर बैठे पहलवानों को आम आदमी पार्टी ने समर्थन दिया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता सोमवार को जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के बीच पहुंचे। उन्होंने पहलवानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस को तुरंत प्रभाव से भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। आप नेता ने कहा कि यह खिलाड़ियों का दुर्भाग्य है कि उन्हें एक प्राथमिकी दर्ज करवाने और न्याय की मांग के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि देश और प्रदेश के जाने माने खिलाड़ियों ने श्री सिंह के खिलाफ यौन शौषण के गंभीर आरोप लगाए थे। इसको लेकर तीन महीने पहले भी पहलवान जंतर मंतर पर बैठे थे। उस समय खेल मंत्रालय ने दबाव में आकर जांच कमेटी गठित कर दी थी।अब तीन महीने बाद भी जांच कमेटी की कोई रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी श्री सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। खिलाड़ियों का दोबारा जंतर मंतर पर आकर धरना देना इस बात का सबूत है कि प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ भाजपा सरकार गंभीर से गंभीर आरोप होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं करती है।
उन्होंने कहा कि पहलवान देश के लिए मेडल लाकर देश का नाम विश्व में रोशन करते हैं। इनका न्याय की मांग को लेकर जंतर मंतर पर बैठना दिखाता है कि भाजपा सरकार महिला विरोधी के साथ न्याय विरोधी भी है। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहलवानों के साथ है। उन्हें न्याय दिलाने के लिए वह उनके साथ खड़े हैं। आम आदमी पार्टी ये मांग करती है कि सरकार सभी पहलवानों की मांग पर जल्द से जल्द कार्रवाई कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *