बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने दलालों के चुंगल से करीब 80 गौवंश को मुक्त कराया है। कोतवाली प्रभारी अजय सोनी ने आज बताया कि सूचना मिली थी बैतूल बाजार में मरही माता मंदिर के पास कुछ दलालों द्वारा करीब तीन ठिकानों पर भूखे प्यासे गौवंश बांध कर रखे है, जिन्हें रात में ट्रक से भरकर महाराष्ट्र कत्लखाने भेजा जाना है। कोतवाली, गंज और बैतूलबाजार थाने की टीम ने मौके पर पहुंच कर नागरिकों का सहयोग लेकर सभी गौवंश को दलालों के चुंगल से छुड़ाकर गौशाला में रखा है। दलाल मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक मोटर साइकिल भी बरामद की है। प्रति सोमवार बैतूल में लगने वाले साप्ताहिक बैल बाजार से बैतूल बाजार के कई दलाल गौवंश को खरीदकर कुछ लोगों को पैसे देकर दो-दो गौवंश लेकर बैतूल बाजार लाया जाता और यहां से ट्रक में भरकर महाराष्ट्र कत्लखाने भेजा जाता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
